Bollywood: टेलीविजन इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता नकुल मेहता और उनकी पत्नी व गायिका जानकी पारेख मेहता एक बार फिर से पेरेंटहुड के जादुई सफर पर निकल पड़े हैं। इस जोड़ी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी पोस्ट के जरिए अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की, जिसने फैंस और सेलेब्स का दिल जीत लिया।
नकुल और जानकी ने अपने बेटे सूफी के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं, जिनमें जानकी को अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए देखा जा सकता है। तस्वीरों में पिता और बेटे की जोड़ी नए मेहमान के स्वागत के लिए उत्साहित नजर आ रही है। इस जोड़ी ने पोस्ट में कैप्शन लिखा कि लड़का अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए तैयार है। हम भी तैयार हैं। हम फिर से आशीर्वाद स्वीकार कर रहे हैं। यह प्यारा और दिल से निकला संदेश फैंस के बीच तेजी से वायरल हो गया है।
इस खबर के सामने आते ही टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने बधाई संदेशों की बौछार कर दी। फिल्ममेकर ताहिरा कश्यप ने कमेंट किया कि बहुत प्यारा, भगवान भला करे। वहीं, एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने लिखा कि कितना शानदार! प्यार, प्यार, प्यार। नकुल और जानकी की जोड़ी टेलीविजन की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक मानी जाती है। नकुल और जानकी ने लगभग 9 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 28 जनवरी 2012 को शादी की थी। उनका पहला बेटा सूफी, फरवरी 2021 में हुआ था।
