Bollywood News : सुपरहिट स्टार आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कंटेंट और स्टार पावर का मेल बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर सकता है। 20 जून 2025 को रिलीज़ हुई यह फिल्म न केवल दर्शकों के दिलों को छू रही है, बल्कि कमाई के मामले में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
फिल्म ने नौवें दिन (दूसरे शनिवार) को लगभग ₹12.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹108.30 करोड़ तक पहुंच गया है। हालांकि यह आंकड़ा अभी शुरुआती अनुमान पर आधारित है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ सितारे जमीन पर अब आमिर खान की सातवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। जल्द ही यह ‘गजनी’ (₹114 करोड़) को पीछे छोड़ सकती है। इसके अलावा इसने सनी देओल की ‘जाट’ (₹88.26 करोड़) और अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ (₹92.53 करोड़) को भी कमाई के मामले में पछाड़ दिया है।
फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिव्यू मिले हैं। सामाजिक संदेश और भावनात्मक कहानी से सजी यह फिल्म बच्चों और परिवारों को खूब भा रही है। आमिर खान की एक्टिंग के साथ-साथ फिल्म की स्क्रिप्ट और निर्देशन की भी तारीफ हो रही है।
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि सितारे जमीन पर आने वाले दिनों में ‘120 करोड़’ का आंकड़ा पार कर सकती है, अगर इसका यही ट्रेंड जारी रहा। वीकेंड में और भी ज्यादा कमाई की उम्मीद जताई जा रही है।
