Special Ops 2 leak : जियो सिनेमा की मोस्ट अवेटेड वेब सीरीज ‘स्पेशल ओपीएस 2’ इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। इंटरनेट पर ऐसी अफवाहें उड़ रही हैं कि शो के सभी एपिसोड्स रिलीज से पहले ही लीक हो गए हैं। ऐसे में लोग पूछने लगे कि क्या ये कोई मार्केटिंग स्टंट है या वाकई में शो ऑनलाइन पहुंच चुका है?
यह मामला तब सामने आया जब कुछ फैंस ने एक डॉक्यूमेंट लिंक शेयर किया, जिसमें कई अपकमिंग शोज की जानकारी दी गई थी। इसमें ‘स्पेशल ओपीएस 2’, ‘द ट्रेल सीजन 2’, ‘सरजमीन’ और ‘ताजा खबर 3’ जैसे प्रोजेक्ट्स के नाम और उनके एपिसोड्स के प्रीव्यू शामिल थे।
इसके बाद कुछ लोगों को यह शक होने लगा कि क्या ‘स्पेशल ओपीएस 2’ के एपिसोड 1 से 7 पहले से ही इंटरनेट पर अवेलेबल हैं? यही कारण है कि यह शो गूगल ट्रेंड्स पर भी ट्रेंड करने लगा और बुधवार को टॉप सर्च में रहा।
सूत्रों की मानें तो जियो हॉटस्टार ने शो की रिलीज को एक हफ्ते आगे बढ़ा दिया है। इसका कारण यह बताया गया कि वे ‘मालिक’ और ‘आंखों की गुस्ताखियां’ जैसी फिल्मों से क्लैश नहीं चाहते थे।
एक रिपोर्ट के अनुसार, यह दावा कि शो पहले ही लीक हो चुका है, पूरी तरह गलत है। दरअसल जो डॉक्यूमेंट और लिंक सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं, वे असली नहीं हैं। कुछ फैंस ने लीक का दावा करते हुए वीडियो और फर्जी लिंक भी शेयर किए। लेकिन इन लिंक पर क्लिक करना आपके डिवाइस और पर्सनल डेटा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
