Bollywood News : 47 वर्षीय अभिनेत्री का बेबाक बयान, शादी नहीं सच्चा जुड़ाव है ज़रूरी बी टाउन की प्रतिभाशाली अदाकारा दिव्या दत्ता ने अपने अभिनय से फिल्म इंडस्ट्री में खास मुकाम हासिल किया है। ‘छावा’, ‘मंटो’, ‘वीर-जारा’ और ‘उमराव जान’ जैसी फिल्मों में बेहतरीन परफॉर्मेंस देने वाली दिव्या दत्ता न सिर्फ अपने किरदारों के लिए सराही जाती हैं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं।
47 साल की उम्र में भी उन्होंने अब तक शादी नहीं की है और इस पर उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलकर बात की। दिव्या दत्ता ने बताया कि शादी को लेकर उनका नजरिया क्या है और क्यों उन्होंने अब तक जीवनसाथी का चुनाव नहीं किया। अभिनेत्री ने कहा अगर आपको एक अच्छा पार्टनर मिल जाए तो शादी करना एक सुंदर विचार है। लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो भी जिंदगी रुकती नहीं है। वह आगे बढ़ती रहती है,और हमें खुद को बेहतर बनाते रहना चाहिए।
ऐसी शादी में फंसना सही नहीं, जिसमें न संतुलन हो और न समझदारी। अपने रिश्तों को लेकर बेबाकी से बात करते हुए दिव्या ने कहा बहुत से मर्द मेरी तरफ आकर्षित होते हैं और मैं इस अटेंशन को एन्जॉय करती हूं। लेकिन किसी रिश्ते की नींव जुड़ाव पर टिकी होती है। जब तक आप एक-दूसरे के लिए गहराई से कुछ महसूस नहीं करते, तब तक उस रिश्ते का कोई मतलब नहीं है।
