Shreya Ghoshal Concert : ओडिशा के कटक में गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बॉलीवुड की मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल के लाइव कॉन्सर्ट में अचानक भीड़ बेकाबू हो गई। बाली यात्रा के आखिरी दिन हुए इस इवेंट में हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे थे और जैसे ही श्रेया मंच पर पहुंचीं और शो की शुरुआत हुई, दर्शकों में एक्साइटमेंट इतना ज्यादा बढ़ गया कि स्टेज के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
कुछ ही मिनटों में स्थिति पर काबू पाना मुश्किल होने लगा और वहां भगदड़ जैसा माहौल बन गया। स्टेज के पास तक पहुंचने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की हुई। इस बीच कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े वहीं मामला थोड़ा हाथ से निकलता नजर आया।
इसी दौरान दो लोग बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। कार्यक्रम में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए भीड़ को पीछे हटाया और बेहोश लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और किसी बड़ी अनहोनी की खबर नहीं है।
कॉन्सर्ट स्थल पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) और कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत पहुंचे. उन्होंने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को कंट्रोल किया और इवेंट को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिश की. अधिकारियों ने स्टेज एरिया के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी, ताकि शो के क्लोजिंग के समय इस तरह की कोई दोबारा घटना न हो।
