Kangana Ranaut Court Case : बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत इन दिनों फिर सुर्ख़ियों में हैं। कंगना का वैसे तो विवादों से पुराना नाता है, लेकिन अब वे कानूनी शिकंजे में फंस गई हैं। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट रमाशंकर शर्मा द्वारा कंगना के खिलाफ दायर याचिका पर अब सुनवाई शुरू हो गई है।
आगरा कोर्ट ने एक्ट्रेस के खिलाफ किसानों के कथित अपमान और ‘राष्ट्रद्रोह’ के मामले में दायर रिवीजन याचिका को स्वीकार कर लिया है। यानी की एक्ट्रेस पर अब राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलेगा। आइए जानते हैं ये पूरा मामला क्या है।
आपको बता दें कि, यह मामला आगरा के अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने उठाया था। उन्होंने 11 सितंबर 2024 को एमपी-एमएलए कोर्ट में कंगना रनौत के खिलाफ एक वाद दायर किया था, जिसमें उन पर किसानों के साथ-साथ महात्मा गांधी के अपमान का भी गंभीर आरोप लगाया गया था। हालांकि, 9 महीने तक इस मामले पर सुनवाई करने के बाद स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए ने 6 मई 2025 को वाद को अधूरी व्याख्या कहकर खारिज कर दिया था।
लेकिन, अधिवक्ता शर्मा ने हार नहीं मानी और रिवीजन याचिका दायर कर दी। उनकी दलीलों को सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए लोकेश कुमार ने 12 नवंबर को यह रिवीजन याचिका स्वीकार कर ली। अधिवक्ता शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि, अब वह मामला फिर से सुनवाई के लिए तैयार है।
अदालत ने कहा है कि, अब यह मामला विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में जाएगा. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कोर्ट ने संकेत दिया है कि, अगली सुनवाई 29 नवंबर 2025 के दौरान कंगना रनौत को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होना पड़ सकता है।
