Short Film Kriti : OTT के दौर में जहां तीन घंटे की फिल्में कभी-कभी उबाऊ लगने लगती हैं, वहीं कुछ ऐसी शॉर्ट फिल्में भी हैं जो महज 15-20 मिनट में आपको वो रोमांच दे देती हैं जो बड़ी फिल्में नहीं दे पातीं। आज हम बात कर रहे हैं मनोवैज्ञानिक सस्पेंस और सस्पेंस से भरपूर उस शॉर्ट फिल्म की, जिसने रिलीज होते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘कृति’ की। महज 19 मिनट की इस फिल्म ने न केवल दर्शकों के दिमाग की नसें हिला दीं, बल्कि यूट्यूब पर 20 मिलियन (2 करोड़) से ज्यादा व्यूज बटोर कर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है। इस फिल्म को आप फ्री में यूट्यूब पर देख सकते हैं।
‘कृति’ की कहानी?
शिरीष कुंदर द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। कहानी सपन (मनोज बाजपेयी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसे अक्सर मतिभ्रम होते हैं। सपन अपनी दोस्त कल्पना (राधिका आप्टे) को बताता है कि उसे कृति (नेहा शर्मा) नाम की एक लड़की से प्यार हो गया है, जो उसके साथ उसके घर में रहती है।
ट्विस्ट तब आता है जब कल्पना, जो खुद एक मनोचिकित्सक है, सपन को यह समझाने की कोशिश करती है कि कृति का कोई वजूद नहीं है और वह केवल उसके दिमाग की उपज है। क्या कृति सच में है? या सपन एक खूनी खेल खेल रहा है? फिल्म का अंत इतना चौंकाने वाला है कि आप अगले 5 मिनट तक स्क्रीन को देखते रह जाएंगे। इसमें मनोज बाजपेयी ने एक बीमार और खतरनाक प्रेमी के किरदार को इतनी शिद्दत से निभाया है कि आपको उनसे डर लगता है। फिल्म में राधिका आप्टे ने एक दोस्त और डॉक्टर की भूमिका निभाई है। रहस्यमयी ‘कृति’ के रूप में नेहा शर्मा की खामोशी बहुत कुछ कह जाती है।
क्यों देखें ‘कृति’?
अगर आपके पास समय कम है और आप कुछ शानदार कंटेंट देखना चाहते हैं, तो यह 19 मिनट का शॉर्ट फिल्म सबसे बेहतरीन है. भारतीय सिनेमा में बहुत कम ऐसी फिल्में हैं जिनका क्लाइमैक्स दर्शकों को इस कदर शॉक कर दे। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक और बंद कमरों की सिनेमैटोग्राफी एक अजीब सा खौफ पैदा करती है, जो थ्रिलर के लिए जरूरी है। रिलीज के बाद यह फिल्म विवादों में भी रही। एक नेपाली फिल्म निर्माता ने शिरीष कुंदर पर कहानी चोरी करने का आरोप लगाया था, जिसके चलते इसे कुछ समय के लिए यूट्यूब से हटा दिया गया था।
