Navika Kotia Marriage : साल 2012 में आई श्रीदेवी की फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ तो आपको याद ही होगी। फिल्म में उनकी बेटी का किरदार निभाने वाली बच्ची को आज भी दर्शक याद करते हैं। यह भूमिका एक्ट्रेस नविका कोटिया ने निभाई थी, जो फिल्मों के साथ-साथ कई टीवी धारावाहिकों का भी हिस्सा रह चुकी हैं। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘क्युंकि सास मां बहू बेटी होती है’ जैसे शोज़ में काम करके नविका ने कम उम्र में ही अच्छी पहचान बना ली थी।
बचपन से अभिनय कर रहीं नविका इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं, क्योंकि हाल ही में उनका रोका संपन्न हुआ है और जल्द ही वे शादी की तैयारियों में जुटेंगी। एक मीडिया इंटरव्यू में नविका कोटिया ने बताया कि वर्ष की शुरुआत यानी जनवरी में उनका रोका हुआ था।
हाल में ‘गुड धाना’ रस्म पूरी की गई, जिससे दोनों परिवारों ने रिश्ते को आधिकारिक रूप से मंज़ूरी दे दी। नविका के अनुसार, यह जानकारी उन्होंने परिवार और बेहद करीबी दोस्तों तक ही सीमित रखी। उन्होंने बताया कि संभव है अगले साल जनवरी में सगाई हो, लेकिन फिलहाल शादी की तारीख तय नहीं की गई है। यह पूरा रिश्ता अरेंज मैरिज के रूप में आगे बढ़ा।
दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी और वे लगभग एक साल से दोस्त थे। दिवाली के आसपास माज़ेन की माँ ने नविका के परिवार से शादी का प्रस्ताव रखा। नविका ने कहा कि वे हमेशा से अरेंज मैरिज चाहती थीं, इसलिए इस रिश्ते को लेकर बेहद खुश हैं, भले ही यह सब उम्मीद से जल्दी हुआ हो।
जानकारी के मुताबिक नविका की शादी रियल एस्टेट डेवलपर और बिजनेसमैन माजेन मोदी से होने वाली है। करीब एक हफ्ता पहले माजेन ने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते की खुशखबरी साझा की थी। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से साफ पता चलता है कि उन्हें कार रेसिंग का खास शौक है। फैंस दोनों को उनकी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएँ दे रहे हैं। नविका को आखिरी बार टीवी शो क्युंकि सास मां बहू बेटी होती है में देखा गया था।
