Rajpal Yadav Court Notice : बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडी किंग राजपाल यादव के लिए आज का दिन 4 फरवरी 2026 बहुत बुरा साबित हुआ। दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए अभिनेता को आज शाम 4 बजे तक तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का अंतिम अल्टीमेटम दे दिया है। अदालत की इस तल्ख टिप्पणी और फैसले के बाद राजपाल यादव की कानूनी मुश्किलें अब उस मोड़ पर पहुंच गई हैं, जहां से वापसी का रास्ता फिलहाल बंद नजर आ रहा है।
कोर्ट ने लगाई फटकार
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए राजपाल यादव की समय बढ़ाने वाली अर्जी को सिरे से खारिज कर दिया. कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा कि एक्टर को पहले ही रियायत दी जा चुकी है। अदालत ने कहा: “आपने कहा था कि आप मुंबई में हैं, इसीलिए आपको दो दिन की मोहलत दी गई थी अब और नरमी दिखाने का कोई कारण नजर नहीं आता। आपको आज ही शाम 4 बजे तक जेल अधिकारियों के सामने पेश होना होगा।”
क्या है पूरा विवाद?
यह कानूनी लड़ाई कोई नई नहीं है। राजपाल यादव साल 2024 से ही चेक बाउंस और धोखाधड़ी के एक मामले में फंसे हुए हैं, जिसमें ट्रायल कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि राजपाल ने बार-बार शिकायतकर्ता को बकाया रकम लौटाने का वादा किया, लेकिन वह केवल आश्वासन बनकर रह गया। ट्रायल कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी करना अब अभिनेता के लिए गले की फांस बन गया है।
वकील की आखिरी दलील
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट से रहम की गुहार लगाई। वकील ने दावा किया कि राजपाल यादव 50 लाख का इंतजाम कर चुके हैं और अगर उन्हें एक हफ्ते का और समय मिलता है, तो वे भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर देंगे। “वे कल ही पैसे लेकर आ जाएंगे, उन्होंने मुझे इसके सबूत भी दिखाए हैं। कृपया उन्हें कुछ और दिन की मोहलत दी जाए।” हालांकि, कोर्ट ने इन दलीलों को अनसुना कर दिया और साफ कर दिया कि अब समर्पण के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा है।
कॉमेडी किंग से तिहाड़ तक का सफर
राजपाल यादव ने अपने फिल्मी करियर में ‘छोटा पंडित’ और ‘बंड्या’ जैसे यादगार किरदारों से लोगों को खूब हंसाया, लेकिन असल जिंदगी में 5 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस के विवाद ने उनकी इमेज पर गहरा असर डाला है। इससे पहले भी उन्हें इसी मामले में जेल की हवा खानी पड़ी थी, और अब एक बार फिर वे सलाखों के पीछे जाने की कगार पर हैं।
