Saiyaara : बॉलीवुड की नयी रोमांटिक जोड़ी अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ जबसे रिलीज हुई, इसका कंपैरिजन सीधे ‘आशिकी 2’ से होने लगा। इसका एक बड़ा कारण है कि दोनों ही फिल्मों को मशहूर डायरेक्टर मोहित सूरी ने बनाया है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि ‘सैयारा’ ने सिर्फ 5 दिनों में ही ‘आशिकी 2’ के पूरे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन भारत में लगभग 25 करोड़ का कलेक्शन किया। अब तक फिल्म ने देशभर में 132 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की टोटल कमाई ₹151 करोड़ तक पहुंच चुकी है। इसमें से 107 करोड़ भारत से और 23 करोड़ ओवरसीज से आए हैं। ‘सैयारा’ ने पांच ही दिनों में न सिर्फ ‘आशिकी 2’ बल्कि अक्षय कुमार की हालिया फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर चर्चा है। इसका रोमांस, म्यूजिक और इमोशनल स्टोरीलाइन युवाओं को खासा पसंद आ रहा है। ओपनिंग डे पर ही ‘सैयारा’ ने 21.5 करोड़ की शानदार शुरुआत की थी, जबकि रविवार को इसने 35.75 करोड़ की कमाई कर नया रिकॉर्ड बना डाला।
‘सैयारा’ ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन कर रही है, बल्कि दर्शकों के दिलों को भी जीत रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा के लिए यह डेब्यू फिल्म उनके करियर की एक दमदार शुरुआत बन चुकी है। फिल्म की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, जिससे यह 2025 की सबसे बड़ी रोमांटिक हिट्स में से एक बन गई है।
